समर एडवेंचर कैंप 2026 में बच्चों ने दिया स्वच्छता, सेवा और सामाजिक जागरूकता का संदेश

Children conveyed a message of cleanliness, service, and social awareness at the Summer Adventure Camp 2026.
 
znnznz

फतेहगढ़/लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)।
द सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल ट्रेनिंग सेंटर, फतेहगढ़ द्वारा आयोजित समर एडवेंचर कैंप-2026 के अंतर्गत सिविक एक्शन प्रोग्राम में शामिल 40 बच्चों ने स्वच्छता अभियान, जन-जागरूकता गतिविधियों, वृद्धाश्रम भ्रमण तथा ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, फतेहगढ़ के दौरे के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना का प्रेरणादायक परिचय दिया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता पम्पलेट वितरित किए तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस पहल को स्थानीय नागरिकों ने सराहा।

इसके बाद बच्चों ने मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद) स्थित वृद्धाश्रम का भ्रमण किया, जहां उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताकर आत्मीय संवाद स्थापित किया। बच्चों ने बुजुर्गों के अनुभवों से सीख प्राप्त की और उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता तथा करुणा का भाव व्यक्त किया। वृद्धजनों ने भी बच्चों के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, फतेहगढ़ का भी दौरा किया। वहां उन्हें पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। बच्चों ने नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा कर्मियों की सहायता करते हुए पूर्व सैनिकों तथा उनके परिजनों के प्रति सेवा और सम्मान का भाव प्रदर्शित किया। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्र की रक्षा में योगदान देने वाले वीर सैनिकों और उनके परिवारों की देखभाल के महत्व से भी अवगत कराया गया।


श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों ने छबील सेवा का आयोजन कर राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को शीतल पेय वितरित किया। इस सेवा गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने निस्वार्थ सेवा, मानवता और परोपकार के सिख मूल्यों को आत्मसात किया।


समर एडवेंचर कैंप के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों में अनुशासन, सामाजिक जागरूकता, सहानुभूति, सेवा भावना तथा राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं सार्थक पहल साबित हुआ।

Tags