बाल निकुंज में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों ने देशभक्ति के रंग में लहराया तिरंगा
लखनऊ, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस, लखनऊ की सभी शाखाओं में राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भरे कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः 8 बजे विभिन्न शाखाओं में ध्वजारोहण हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को आजादी के उल्लास से भर दिया।
बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज की मुख्य शाखा में प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी अलीगंज में प्रधानाचार्या रश्मि शुक्ला ने ध्वजारोहण किया और विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मिष्ठान वितरित किया।
बाल निकुंज इंटर कॉलेज (बॉयज विंग) में प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और मिष्ठान वितरण कराया। वहीं गर्ल्स विंग में प्रधानाचार्या भगवती भंडारी तथा बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग में प्रधानाचार्या पूर्णिमा सिंह ने ध्वजारोहण कर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

421 विद्यार्थियों ने नृत्य प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
इसके बाद बाल निकुंज इंटर कॉलेज गर्ल्स विंग, मोहिबुल्लापुर, सीतापुर रोड स्थित शिव सहाय जी सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से अंतर्शाखीय देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की चारों शाखाओं के जूनियर वर्ग की कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में 28 नृत्य समूहों के कुल 421 विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों पर अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता को कक्षावार तीन वर्गों में आयोजित किया गया।
कक्षा-6 में डे बोर्डिंग शाखा प्रथम
कक्षा-6 की प्रतियोगिता में 10 नृत्य समूहों ने प्रतिभाग किया। डे बोर्डिंग शाखा ने ‘इंकलाब ही दिखेगा’ की प्रस्तुति के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। बॉयज विंग ‘पगड़ी संभाल जट्टा’ पर द्वितीय तथा गर्ल्स विंग ने ‘तेरी मिट्टी में मिल जावां’ की भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ तृतीय स्थान हासिल किया।

कक्षा-7 में गर्ल्स विंग ने बाजी मारी
कक्षा-7 में नौ नृत्य समूहों ने भाग लिया। गर्ल्स विंग ने ‘भारत ये रहना’ की प्रस्तुति से प्रथम स्थान प्राप्त किया। डे बोर्डिंग शाखा ‘कंधों से मिलते कंधे’ पर द्वितीय तथा बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन शाखा ‘जलवा जलवा’ की प्रस्तुति के साथ तृतीय स्थान पर रही।
कक्षा-8 में भी गर्ल्स विंग प्रथम
कक्षा-8 की प्रतियोगिता में भी नौ नृत्य समूहों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गर्ल्स विंग ने ‘ये जो देश है’ की प्रस्तुति से प्रथम स्थान हासिल किया। बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, अलीगंज ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा’ की प्रस्तुति के साथ द्वितीय तथा बॉयज विंग ‘वंदे मातरम्’ पर तृतीय स्थान पर रहा।

विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र
प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए। अन्य प्रतिभागियों को भी पुरस्कार, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता के निर्णायक अयाज खान के निष्पक्ष निर्णय की उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर उन्हें भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल के साथ चेयरमैन आयुष जायसवाल, सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।
