पायनियर पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर
बलरामपुर। शहर के कालीथान स्थित पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज में शनिवार, 14 नवंबर 2026 को बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी, कोषाध्यक्ष मीता तिवारी, प्रबंधक इंजीनियर आकाश तिवारी, निदेशक प्रकृति तिवारी, उपप्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय और मुख्य समन्वयक सलिल सेठ सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के साथ हुई।
बच्चों को बताया बाल दिवस का महत्व
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। नेहरू जी बच्चों से बेहद स्नेह रखते थे और बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों का मन सरल, पवित्र और सच्चा होता है। माता-पिता अपने बच्चों की खुशियों के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, वहीं शिक्षक भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें जीवन में सही दिशा दिखाने का काम करते हैं। उन्होंने समाज के जरूरतमंद और अनाथ बच्चों की शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए भी संवेदनशीलता दिखाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और बच्चों ने मिलकर केक काटा तथा एक-दूसरे को केक वितरित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बाल दिवस पर विद्यालय में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्वागत नृत्य, योग नृत्य, समूह नृत्य, फैंसी ड्रेस, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता प्रमुख रहे।
स्वागत नृत्य में ‘वी वेलकम वेलकम’ गीत पर देवांशी, सृष्टि, प्रिसा, तुलसी, सिया, परिधि, सानवी और रीत ने प्रस्तुति दी। योग नृत्य में ‘आदि योगी’ गीत पर अवंतिका, श्रद्धा, नितिका, आस्था, कोमल, सृष्टि, यशवी, आव्या और यशी ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
समूह नृत्य में ‘छोटा बच्चा जान के’ और ‘हो-हो-हो’ गीतों पर यशी, आव्या, मोहनी, कोमल, आस्था, सृष्टि, श्रद्धा, अवंतिका, यशवी, इशिका, स्तुति, रीत, परिधि, सिया, शाश्वत, प्रेरणा, अभीख, तेजस, सानवी और मानस ने मनमोहक प्रस्तुति दी।
फैंसी ड्रेस कार्यक्रम में अनंत, अथर्व, जियान, अध्यात्म, मलय, सैयद हादिया, जयश्री, अर्जुन, रुद्र प्रताप और अरनव ने आकर्षक वेशभूषा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भाषण कार्यक्रम में नक्ष्य, प्रिसा, जयश, तेजस, रितृविजा, प्रेरणा, परिधि और स्तुति ने बाल दिवस पर अपने विचार रखे। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में अयान शर्मा, आव्या सिंह, अक्षत श्रीवास्तव, नीतिका, यशी द्विवेदी, अवंतिका चौधरी, श्रद्धा यादव और यशवी सोनी ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई।

खेल प्रतियोगिताओं में भी बच्चों ने लिया हिस्सा
विद्यालय की कक्षा अध्यापिकाओं पूनम चौहान, आकांक्षा मिश्रा, मानसी श्रीवास्तव, रीतू श्रीवास्तव, रेसू तिवारी, अर्चना भारती, उमा तिवारी, उर्वशी शुक्ला, लता श्रीवास्तव, शची सिंह, किरन मिश्रा, ए.के. तिवारी और समीर के मार्गदर्शन में नर्सरी से कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए कुर्सी दौड़, रेस, पासिंग द बॉल और जिग-जैग रेस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
वहीं कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए अभिषेक जायसवाल, उमेश तिवारी, कुंवर सीपीएन, रीतेश और एलपी तिवारी के मार्गदर्शन में दौड़, खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं कराई गईं। विद्यार्थियों ने सभी गतिविधियों में उत्साह के साथ भाग लिया।

उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की ओर से सभी छात्र-छात्राओं को कुरकुरे, बिस्कुट, टॉफी और चॉकलेट वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्य, उपप्रधानाचार्या शिखा पाण्डेय, उपप्रधानाचार्य राघवेन्द्र त्रिपाठी तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
