बेलदारी लेन, लालबाग में दूषित पेयजल से नागरिक त्रस्त
एक महीने से गंभीर समस्या, प्रशासनिक उदासीनता पर उठे सवाल
Sun, 11 Jan 2026
लखनऊ। माननीय मुख्यमंत्री सचिवालय एवं विधायक निवास से सटे प्रमुख क्षेत्र बेलदारी लेन, लालबाग में पिछले एक महीने से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में सप्लाई किया जा रहा पानी मिट्टी मिला, बदबूदार एवं अत्यधिक प्रदूषित है, जिससे स्थानीय नागरिकों का सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता के नेतृत्व में बेलदारी लेन के निवासी गगन कनौजिया, अमित अर्पण, अशोक कुमार, सुनील कुमार, रंजीत कन्नौजिया, मुकेश शर्मा, समीर, जमीर अहमद, अरविन्द गुप्ता, आकाश गुप्ता, अतुल गुप्ता, लक्ष्मी गुप्ता सहित अनेक नागरिकों ने इस गंभीर समस्या को सार्वजनिक रूप से उठाया।स्थानीय लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें इसी दूषित पानी का उपयोग करना पड़ रहा है, जिसके कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में।
नागरिकों के अनुसार यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लगातार एक माह से अधिक समय से बनी हुई है। इसके बावजूद नगर निगम अथवा संबंधित जल विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों का यह भी कहना है कि यदि प्रशासन चाहे तो मौके पर पहुंचकर सर्वे कर वास्तविक स्थिति स्वयं देख सकता है।
पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन एवं नगर निगम से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बेलदारी लेन में स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
