नागरिकों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री योगी

The welfare of citizens is the priority of the government: Chief Minister Yogi
 
नागरिकों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री योगी

गोरखपुर,  अक्टूबर 2025 । शारदीय नवरात्र और विजयदशमी के अवसर पर लगातार चार दिनों तक धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का संकल्प है, इसलिए हर पीड़ित की समस्या का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों या कमजोर वर्ग को परेशान करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए, बल्कि उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, पारिवारिक विवाद की स्थिति में आपसी संवाद के माध्यम से न्यायपूर्ण समाधान कराने पर जोर दिया।

संवेदनशील व्यवहार पर जोर

सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन को हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए ताकि किसी को भी अन्याय का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जो लोग अभी तक किसी वजह से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें प्राथमिकता पर इसका लाभ दिलाया जाए।

इलाज के लिए मदद का आश्वासन

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की अपील लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके उपचार में हर संभव मदद करेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े अनुमानों (इस्टीमेट) को तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि मदद शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके।

बच्चों को दी प्रेरणा

इस अवसर पर कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी और उन्हें चॉकलेट भेंट कर आशीर्वाद दिया।

Tags