सिविल डिफेंस लखनऊ ने राष्ट्रीय एकता व भाईचारे के लिए क्रिकेट मैच खेला
लोकप्रिय अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि लोहिया नगर प्रखंड की दो टीमों—लोहिया नगर रॉयल्स और लोहिया नगर टाइगर्स—के बीच 12-12 ओवर का मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लोहिया नगर रॉयल्स ने विमल कुमार वर्मा (घटना नियंत्रण अधिकारी) की शानदार 58 रनों की पारी की बदौलत 137 रन बनाए। पंकज पंत ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोहिया नगर टाइगर्स को ओपनर डॉ. पंकज कुमार (डिप्टी डिविजनल वार्डेन) और अनुभव द्विवेदी ने सशक्त शुरुआत दिलाई। अनुभव द्विवेदी ने मात्र 30 गेंदों में 68 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया। आशुतोष मिश्रा ने एक ओवर में चार छक्के जड़ते हुए 25 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंत में रितुराज रस्तोगी ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को 2 ओवर शेष रहते 7 विकेट से शानदार विजय दिलाई।एडीसी मनोज वर्मा ने बल्लेबाजी, फील्डिंग और गेंदबाजी (5 रन देकर 1 विकेट) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी टीम का उत्साहवर्धन किया और जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नागरिक सुरक्षा लखनऊ की एडीसी रेखा पांडे ने विजेता टीम के कप्तान नबी हसन को ट्रॉफी प्रदान की, जबकि विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय नवल टाइम्स के संपादक नवल किशोर त्रिपाठी ने उपविजेता कप्तान आमिर अब्बास को सम्मानित किया। अजीत सिंह (हमराह) ने मैन ऑफ द मैच अनुभव द्विवेदी एवं बेस्ट बॉलर पंकज पंत को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को डिविजनल वार्डेन सुनील कुमार तिवारी, डिप्टी डिविजनल वार्डेन डॉ. पंकज कुमार तथा स्टाफ ऑफिसर कमलेश सिंह ने प्रतीकचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मैच का उद्घाटन चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्रा के करकमलों से हुआ। अंपायरिंग अनंत सिंह तोमर और मुनीम पांडे ने की।
कार्यक्रम के दौरान डिविजनल वार्डेन दिनेश माथुर, नफीस अहमद, माजिद अली, ऐश्वर्य शर्मा, प्रदीप शर्मा तथा प्रखंड लोहिया नगर से सरोज शर्मा, सौरभ अग्रवाल, अमिताभ राय, किरण पुष्कर, सीमा आनंद, अंजू चौरसिया सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। आयोजन ने खेल के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया।
