सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा ने 50वीं बार किया रक्तदान
लखनऊ। सिविल डिफेंस लखनऊ के अधिकारी मनोज वर्मा ने 50वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके इस कार्य से सिविल डिफेंस विभाग का नाम एक बार फिर गौरवान्वित हुआ है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज (केजीएमयू) ब्लड बैंक में लखनऊ पुलिस मित्र परिवार द्वारा वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने सहभागिता की। शिविर के दौरान कुल 69 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का संकल्प निभाया।
लखनऊ सिविल डिफेंस में सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत मनोज वर्मा सदैव समाज सेवा में अग्रणी रहते हैं। उनके इसी समर्पण भाव के लिए उन्हें आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
मनोज वर्मा ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष अपने जन्मदिन (24 जुलाई) तथा सिविल डिफेंस स्थापना दिवस (6 दिसंबर) पर अनिवार्य रूप से रक्तदान करते हैं। इस वर्ष तकनीकी कारणों से उन तिथियों पर रक्तदान नहीं कर पाने के कारण उन्होंने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर यह पुण्य कार्य किया। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता होती है, वे स्वयं पहुंचकर रक्तदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
इस अवसर पर उनकी पत्नी शैल वर्मा (शालू) ने भी तीसरी बार रक्तदान कर उनका उत्साह बढ़ाया। शिविर के आयोजक सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने भी रक्तदान किया, जबकि उनकी पत्नी सरिता सिंह ने संयुक्त रूप से सहभागिता निभाई। उल्लेखनीय है कि रक्तदान की एक यूनिट से चार जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है।
रक्तदान शिविर में पुलिस मित्र परिवार के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, सत्यम पांडेय, ज्योति खरे, सरिता सिंह, नूतन वर्मा, ऋचा मिश्रा, किश्वर जहां, सुजीत पटेल, पवन सिंह, राहुल राज, प्रदीप वर्मा, अजहर सिद्दकी, हरिकेश पटेल, आशीष सिंह सहित एसडीआरएफ से प्रशांत तिवारी, राहुल नैन, रणजीत, रजत द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पांच फौजियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।
