सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा को मिला राष्ट्रीय पुरुष गौरव सम्मान-2026
लखनऊ की सामाजिक संस्था इनायत ब्लेसिंग फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सामाजिक सेवा, खेल, पत्रकारिता, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। संस्था की अध्यक्ष मानसी बाजपेई ने बताया कि समारोह का उद्देश्य समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों के कार्यों को प्रोत्साहित करना और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करना है।
इसी क्रम में सिविल डिफेंस लखनऊ के अधिकारी मनोज वर्मा को उनके निरंतर सामाजिक योगदान के लिए स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों में रक्तदान के प्रति जागरूकता, अग्निकांड की घटनाओं से बचाव के लिए जनजागरूकता अभियान तथा समाजसेवा से जुड़े विभिन्न प्रयास शामिल हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद मनोज वर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने भविष्य में भी देश और समाज का गौरव बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सम्मान को अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को समर्पित किया।
समारोह में क्षेत्रीय पार्षद शिवपाल सवारिया, अजय दीक्षित, नवल किशोर त्रिपाठी, परवेज अख्तर, मनोज चौहान, शशांक सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप शुक्ला ने किया।
