बाढ़ आपदा मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस की अहम भूमिका, राहत कार्यों में दिखाई तत्परता
Civil Defence played an important role in the flood disaster mock drill, promptness shown in relief work
Fri, 27 Jun 2025

लखनऊ ब्यूरो (आर एल पाण्डेय)।
राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय 'बाढ़ आपदा मॉक एक्सरसाइज' का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। इस अभ्यास में सिविल डिफेंस लखनऊ की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और आपातकालीन स्थिति में अपनी भूमिका को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।
यह अभ्यास लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र के अकलरिया गांव में गोमती नदी के किनारे आयोजित किया गया। राहत और बचाव कार्य की निगरानी एसडीएम सतीश चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई, वहीं सिविल डिफेंस की टीम की कमान राष्ट्रपति पदक से सम्मानित सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा ने संभाली।
नीलांश वाटर पार्क के पास SDRF और PAC की बोट टीम ने बाढ़ आपदा के दौरान डूबते व्यक्ति को बचाने की प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इस रेस्क्यू डेमो में नदी से व्यक्ति को सुरक्षित निकाल कर किनारे लाया गया, जहां सिविल डिफेंस की टीम ने तुरंत उसे स्ट्रेचर पर रखकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया। भीड़ नियंत्रण और एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए सिविल डिफेंस टीम ने व्यवस्थित तरीके से सायरन और व्हिसल का उपयोग किया।
मनोज वर्मा ने बताया कि इस प्रकार की मॉक एक्सरसाइज का मुख्य उद्देश्य विभिन्न राहत एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और वास्तविक आपदा स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना होता है। यह अभ्यास बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारी और रणनीतियों को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अभ्यास को सफल बनाने में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ अमर, सिविल डिफेंस के सहायक उपनियंत्रक मुकेश कुमार, डिविजनल वार्डन रमेश सिंह चौहान, रविंद्र कोहली, प्रदीप वर्मा, अभिजीत बाघ, नवीन सिंह और आपदा मित्र अंकुर सिंह का सराहनीय योगदान रहा।