संविधान रक्षा मार्च में बालामऊ से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा: सुरेन्द्र कुमार

26 नवंबर को लखनऊ में निकलेगा ‘वोट बचाओ-देश बचाओ संविधान रक्षा मार्च’, पूर्व प्रत्याशी ने गांवों में बैठक कर कार्यकर्ताओं से पहुंचने की अपील की

 
drt

हरदोई।उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव एवं बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘वोट बचाओ-देश बचाओ संविधान रक्षा मार्च’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सुरेन्द्र कुमार ने विभिन्न गांवों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं से लखनऊ पहुंचने की अपील की।

बैठक में संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान सुरेन्द्र कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए विभिन्न चुनावों में कथित वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके नेतृत्व में चुनाव कराए जाने का विरोध करती है और इस मुद्दे पर जनांदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

 

कांग्रेस कार्यालय से अंबेडकर पार्क तक निकलेगा मार्च

सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 26 नवंबर को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से ‘वोट बचाओ-देश बचाओ संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा। मार्च अंबेडकर पार्क पहुंचकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ संपन्न होगा।

उन्होंने दावा किया कि बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी इस मार्च में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार से नाराज है और कांग्रेस से उम्मीद लगाए बैठी है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता करेंगे संबोधित

सुरेन्द्र कुमार के अनुसार, संविधान रक्षा मार्च को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया सहित कई वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।

बैठक और तैयारियों के दौरान राजकिशोर रावत, आशुतोष शुक्ला, देवेन्द्र कुमार गौतम, सुरेश कुमार, अरविन्द कुमार, राजाराम, सुधाकर सिंह, गुड्डू कश्यप, शेषराम और रामलोटन वर्मा सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags