मुख्यमंत्री पाती के 50 सप्ताह पूरे, सीएम योगी बोले- जनता से आत्मीय संवाद ही इस पहल का मूल उद्देश्य
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम पत्र में साझा किया पाती शुरू करने का उद्देश्य, कहा- सरकार और जनता के बीच विश्वास व सहभागिता का मजबूत सेतु बने संवाद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखे अपने संदेश में ‘मुख्यमंत्री पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच केवल औपचारिक सूचनाओं का आदान-प्रदान करना नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास और निरंतर संवाद का रिश्ता कायम करना है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि कभी-कभी लोगों के मन में यह सवाल उठता होगा कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं। इसके पीछे एक ऐसा अनुभव है, जिसने उन्हें शासन और जनता के बीच संवेदनशील संवाद की आवश्यकता का एहसास कराया।
बनटांगिया गांव के अनुभव से मिली पाती की प्रेरणा
सीएम योगी ने अपने पहले बनटांगिया गांव के दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां कोल, गोंड, मुसहर, थार और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों के लोगों की कठिन जीवन परिस्थितियों और वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से दूर रहने की स्थिति ने उन्हें व्यथित किया था।
उन्होंने महसूस किया कि शासन का दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि उन लोगों तक पहुंचना भी है, जिनकी समस्याएं और अपेक्षाएं कई बार व्यवस्था तक नहीं पहुंच पातीं। इसी अनुभव ने उनके मन में सरकार और जनता के बीच लगातार संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव को मजबूत करने का विचार पैदा किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, पाती की शुरुआत के पीछे भी यही भावना रही है कि शासन और समाज के बीच संवाद का रिश्ता अधिक आत्मीय और प्रभावी बने।
उत्तर प्रदेश को परिवार मानकर संवाद की पहल
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश उनके लिए केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में संवाद आदेशों के माध्यम से नहीं, बल्कि अपनत्व और विश्वास के साथ होता है। इसी सोच के साथ उन्होंने ऐसे विषयों पर प्रदेशवासियों से संवाद करने का प्रयास किया है, जो उनके दैनिक जीवन, आकांक्षाओं और प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं।उन्होंने कहा कि पाती के माध्यम से लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनने, आपसी विश्वास बढ़ाने और जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
50 सप्ताह के पत्र बने जनभावनाओं को समझने का माध्यम
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते एक वर्ष के दौरान लिखे गए पत्र उनके लिए केवल विचार व्यक्त करने का जरिया नहीं रहे, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें व्यापक दृष्टिकोण के साथ साझा करने का माध्यम भी बने हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रसन्नता जताई कि मुख्यमंत्री पाती के माध्यम से शुरू हुआ संवाद उत्तर प्रदेश की सीमाओं से आगे बढ़कर देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचा है।
पाती में जनता की आवाज को भी मिले स्थान
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के स्नेह और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए कहा कि पाती केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रह जाए। इसमें जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान महत्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की आवाज ही इस संवाद की वास्तविक शक्ति है। लोगों की सहभागिता से ही यह पहल अधिक सार्थक और जनभावनाओं के अनुरूप बन सकेगी।
समृद्ध और संस्कारवान उत्तर प्रदेश बनाने का आह्वान
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आत्मीय संवाद की इस श्रृंखला को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि विचारों की यह साझेदारी सरकार और समाज के बीच भरोसे का ऐसा सेतु बनेगी, जो दोनों को और करीब लाएगी। मुख्यमंत्री ने सभी से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, जो समृद्धि के क्षेत्र में अग्रणी होने के साथ संस्कारों में भी श्रेष्ठ हो।
— योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश
