सीएम योगी ने दिया निर्देश यात्री सुविधा और सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

CM Yogi gave instructions  Passenger convenience and road safety are top priorities
 
CM Yogi gave instructions – Passenger convenience and road safety are top priorities
लखनऊ,  अगस्त 2025।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर परिवहन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बस स्टेशनों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने, यात्रियों की सुविधा को सर्वोपरि रखने और सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में खरीदी जाने वाली बसें अधिकतम “मेड इन यूपी” होनी चाहिएं, ताकि राज्य की औद्योगिक प्रगति को गति मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हों। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को बढ़ावा देने और राजस्व वृद्धि के लिए सभी संभावित उपाय करने पर बल दिया।

रक्षाबंधन पर रिकॉर्ड निःशुल्क यात्रा

सीएम योगी ने रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं-बहनों और उनके एक सहयात्री के लिए तीन दिन तक दी गई निःशुल्क यात्रा सुविधा पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ 78 लाख से अधिक लोगों ने उठाया, जो बेहद खुशी की बात है।

बस स्टेशनों का आधुनिकीकरण

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि यूपी परिवहन निगम 23 बस स्टेशनों को पीपीपी मॉडल पर विश्वस्तरीय टर्मिनल के रूप में विकसित कर रहा है। दूसरे चरण में 54 और बस स्टेशनों का विकास प्रस्तावित है, जबकि 50 स्टेशनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही 8 शहरों में इलेक्ट्रिक डिपो स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ 240 किलोवाट क्षमता वाले यूनिवर्सल चार्जर लगाए जाएंगे।

सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार

सीएम योगी ने दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आधुनिक तकनीक अपनाने और पुलिस के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने नए रूट चिह्नित करने और निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए।

परिवहन विभाग की उपलब्धियां

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 37.9 लाख नए वाहनों का पंजीकरण हुआ, जबकि चालू वित्तीय वर्ष के जून माह तक ही 11 लाख से अधिक वाहन रजिस्टर हो चुके हैं। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कर एवं शुल्क में अब तक 942 करोड़ रुपये से अधिक की छूट दी है। साथ ही ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ जैसी नीति लागू कर सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ किया गया है।

Tags