सीएमओ ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद
बलरामपुर। शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने विकास खंड श्रीदत्तगंज स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन एवं दैनिक दिनचर्या की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के समय छात्राओं एवं शिक्षण स्टाफ द्वारा सीएमओ को अवगत कराया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत कार्यरत मेडिकल टीम द्वारा नियमित रूप से विद्यालय का भ्रमण किया जाता है, जिसके माध्यम से छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो पाता है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने नियमित रूप से अपनाई जाने वाली स्वस्थ आदतों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्राओं को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश पाण्डेय, विद्यालय की प्रधानाचार्या रीना दुबे सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
