प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राजवापुर का सीएमओ ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश
CMO inspected Primary Health Centre Rajwapur, gave instructions to make the arrangements more robust
Sat, 22 Nov 2025
बलरामपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र राजवापुर का निरीक्षण कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं एवं समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, लैब, टीकाकरण व्यवस्था तथा परिसर की साफ-सफाई सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
सीएमओ ने मौजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा रजिस्टरों और रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ओपीडी निर्धारित समय पर संचालित हो, प्रसव संबंधी सभी सेवाएं मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं और किसी मरीज को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की भी समीक्षा की। सीएमओ ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक मरीज तक सहज रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कर्मचारियों को संवेदनशील और समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसीम अहमद, डीएमओ राजेश पाण्डेय, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, तथा सहायक शोध अधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
