श्री जंगली बाबा धाम में 54 कुंडीय हरिहरात्मक महायज्ञ की पूर्णाहुति, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
रामकथा और कृष्ण कथा से भक्तिमय हुआ वातावरण, संतों और विद्वान पंडितों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित
yajna performed at Shri Jangli Baba Dham; thousands of devotees partook of *prasad* at a grand community feast (*bhandara*).
गड़वार (बलिया)। श्री जंगली बाबा धाम सेवा ट्रस्ट, गड़वार की ओर से पूज्यपाद संत शिरोमणि श्री जंगली बाबा के परिनिर्वाण शताब्दी महामहोत्सव के अवसर पर 28 अक्टूबर से आयोजित 54 कुंडीय हरिहरात्मक महायज्ञ शनिवार को पूर्णाहुति हवन और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हो गया। इस धार्मिक आयोजन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ जनपद के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
महायज्ञ के दौरान पूरा जंगली बाबा धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। प्रतिदिन सुबह से ही यज्ञ स्थल पर हवन, पूजन और अन्य वैदिक अनुष्ठान आयोजित किए जाते रहे।
रामकथा और कृष्ण कथा ने भक्तों को किया भावविभोर
महायज्ञ के दौरान वृंदावन से पधारे अंतरराष्ट्रीय रामकथा वाचक चिन्मयानंद जी महाराज ने अपनी ओजस्वी वाणी से रामकथा का रसपान कराया। वहीं अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पुंडरीक गोस्वामी ने कृष्ण कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर सुमेरू पीठाधीश्वर शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती ने अपने प्रवचनों के माध्यम से सनातन धर्म की महत्ता और गो-संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। संतों के प्रवचनों को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संतों और विद्वानों को किया गया सम्मानित
श्री जंगली बाबा धाम सेवा ट्रस्ट के संयोजक पंडित राहुल उपाध्याय ने बताया कि पूज्यपाद श्री जंगली बाबा के महानिर्वाण के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 54 कुंडीय हरिहरात्मक महायज्ञ का आयोजन किया गया था। सभी धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
समापन अवसर पर महायज्ञ में पधारे विद्वान पंडितों और साधु-संतों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी हितेश कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।

