सीएम योगी की मां के निधन पर देवीपाटन मंदिर में शोकसभा, महंत मिथिलेशनाथ योगी ने दी श्रद्धांजलि

Condolence meeting held at Devipatan Temple following the passing of CM Yogi’s mother; Mahant Mithileshnath Yogi pays tribute.
 
drr5

बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन पर शनिवार को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर, तुलसीपुर में श्रद्धांजलि सभा एवं शोकसभा का आयोजन किया गया। देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेशनाथ योगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत माताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मां का बिछुड़ना जीवन की अपूरणीय क्षति: महंत मिथिलेशनाथ योगी

शोकसभा को संबोधित करते हुए देवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेशनाथ योगी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और वात्सल्य जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। मां का बिछुड़ना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह अत्यंत कठिन और दुखद समय है।

उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी लोग मुख्यमंत्री और उनके परिवार के साथ खड़े हैं। महंत ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

8978

संत समाज और श्रद्धालु परिवार मुख्यमंत्री के साथ: पूर्व सांसद दद्दन

पूर्व सांसद दद्दन ने कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोच्च है। उनका स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। मुख्यमंत्री की पूज्य माताजी का निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में संत समाज और श्रद्धालु परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दुख में सहभागी हैं। उन्होंने मां पाटेश्वरी से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

77

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि

शोकसभा में विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, भाजपा नेता डॉ. विशाल मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रवीण सिंह विक्की, चेयरमैन प्रिंस वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Tags