पूर्व ग्राम प्रधान ज़लालुद्दीन ख़ान के निधन पर शोक सभा आयोजित
गड़वार। गड़वार स्थित रामलीला मंच पर पूर्व ग्राम प्रधान ज़लालुद्दीन ख़ान के निधन पर शोक एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता रामलीला समिति के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने की। वक्ताओं ने स्वर्गीय ज़लालुद्दीन ख़ान को एक कुशल समाजसेवी, मिलनसार व्यक्तित्व और क़ौमी एकता का प्रतीक बताया। वक्ताओं ने कहा कि यही कारण था कि वे स्वयं तथा उनकी धर्मपत्नी ग्राम प्रधान के रूप में चुने गए।
स्वर्गीय ख़ान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य, रामलीला समिति गड़वार के अध्यक्ष तथा विभिन्न सहकारी संस्थाओं में अहम पदों पर आसीन रहे। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक जीवन में उनकी कमी निकट भविष्य में पूरी होना कठिन है।

सभा को प्रमुख रूप से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सौरभ कुमार, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव जैनेंद्र पांडेय ‘मिंटू’, आनंद सिंह, अफ़सर ख़ान, हीरा राम, सुहेल ख़ान, राकेश सिंह, चुनू अंसारी, सरदार अतिकुर रहमान सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी मोहन सिंह ने किया।
