एसआईआर प्रक्रिया पर कांग्रेस की पैनी निगाह : धीरज गुर्जर
बघौली चौराहा में राष्ट्रीय सचिव का भव्य स्वागत
Sat, 29 Nov 2025
हरदोई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह-प्रभारी धीरज गुर्जर ने शुक्रवार को हरदोई में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि विशेष एसआईआर प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस पूरी तरह सतर्क है और भाजपा की कथित “वोट काटने की योजना” को किसी भी सूरत में सफल नहीं होने दिया जाएगा।
गुर्जर ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाताओं को उनके मूल अधिकार—मतदान—से वंचित करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस बूथ स्तर पर मजबूत नेटवर्क बनाकर इस कोशिश को नाकाम करने में जुटी है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर के तहत वरिष्ठ नेताओं, विधानसभा प्रत्याशियों, पूर्व प्रत्याशियों और पदाधिकारियों ने बूथवार जिम्मेदारी संभाल ली है। पार्टी ने एक अलग वार रूम भी तैयार किया है, जहां शिकायतों का तुरंत संकलन और समाधान किया जा रहा है। गुर्जर ने कहा, “जब राहुल गांधी जी ने एसआईआर में अनियमितताओं और वोट चोरी की बात खुलकर उठाई, तभी देशभर में जनता जागरूक हुई। हम उसी अभियान को और तेज कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई वीएलओ को पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिला है और कुछ सरकारी दबाव में काम कर रहे हैं। कांग्रेस इन सभी पहलुओं की जानकारी इकट्ठा कर रही है ताकि मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की सबसे अहम कड़ी है और किसी भी मतदाता का नाम सूची से कटने नहीं दिया जाएगा। वहीं, शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि 2027 के चुनाव में जनता भाजपा को स्पष्ट संदेश दे सके।
कार्यक्रम में बालामऊ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
