बनास डेयरी के कार्यक्रम में शामिल हुए कांग्रेस नेता सुरेन्द्र कुमार, पशुपालकों को किया प्रोत्साहित

ढखवा गांव में आयोजित वार्षिक कार्यक्रम में डेयरी की योजनाओं और पशुपालन से आय बढ़ाने के प्रयासों पर रखे विचार

 
tytr

हरदोई। बालामऊ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढखवा में बनास डेयरी की ओर से आयोजित वार्षिक कार्यक्रम को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश महासचिव एवं बालामऊ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सुरेन्द्र कुमार ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों और किसानों के विकास, दूध उत्पादन में वृद्धि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में डेयरी क्षेत्र की भूमिका पर चर्चा की।

सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि बनास डेयरी पशुपालकों और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम संचालित करती है। गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में स्थापित 127 एकड़ का आधुनिक केंद्र देसी मवेशियों की नस्लों में सुधार और उनकी दूध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। यहां मल्टीपल एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक के माध्यम से उच्च उत्पादक नस्लें तैयार की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि डेयरी किसानों से गोबर खरीदकर बायो-सीएनजी और जैविक ऊर्जा का उत्पादन भी करती है। इससे पशुपालकों को दूध के साथ गोबर से भी अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलता है। पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए हर महीने हजारों मीट्रिक टन उत्तम पशु आहार की आपूर्ति की जाती है।

कार्यक्रम में पशुओं की नस्ल, ब्लड ग्रुप और दूध उत्पादन से संबंधित जानकारी के लिए गाय-भैंसों की टैगिंग तथा डिजिटल पहचान पत्र बनाए जाने की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया। इस अवसर पर पशुपालकों को पुरस्कार वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन केंदुआ दुग्ध उत्पादन समिति के अध्यक्ष नीरज कुमार और सचिव दिलदार की ओर से किया गया। इस मौके पर मौशिन, नफिश करीम, दिलशाद, अली हसन सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Tags