बलरामपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, ‘लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ मनाकर निकाला जुलूस

Congress holds protest in Balrampur; takes out a march while observing a ‘black day for democracy’
 
ftytf

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल जुलूस निकालकर इस दिन को ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ के रूप में मनाया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

जुलूस के दौरान आयोजित सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व प्रदेश सचिव चंद्रशेखर मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, अवधेश पाल सिंह, डॉ. प्रतीक मिश्रा, विजय उपाध्याय और डॉ. खलीउल्लाह ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

नेताओं ने संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संसद और सड़क पर जनता के अधिकारों की आवाज उठाने वाले राहुल गांधी और अन्य सांसदों के साथ पुलिस प्रशासन का व्यवहार निंदनीय है। नेताओं के मुताबिक, जब विपक्ष के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष अपनी बात रखने जा रहे थे, तब उन्हें रोक दिया गया। इसके विरोध में वे करीब सात घंटे तक धरने पर बैठे रहे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

ryr6

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने प्रदर्शन का कारण बताते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने सांसदों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके विरोध में राहुल गांधी और अन्य सांसद सात घंटे तक धरने पर बैठे रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कोरी ने कहा कि इसी घटना के विरोध में देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ मनाते हुए प्रदर्शन किया।

बलरामपुर में आयोजित जुलूस और प्रदर्शन में इनायत फिरोज, मोहम्मद जमील, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इजहार भाई, गौरव शुक्ला, दीपक मिश्रा, त्रिलोकी यादव और जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags