रायबरेली में गुरुकुल एवं गौशाला निर्माण का हुआ शुभारंभ, 5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक निःशुल्क गुरुकुल
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश स्थित भगवान परशुराम की माता रेणुका जी की पावन जन्मस्थली से पधारे अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी नित्यानंद पुरी जी महाराज, राष्ट्रीय महासचिव गौतम सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी श्याम सुंदर जी महाराज, उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष रामनिवास भार्गव, राष्ट्रीय सुरक्षा प्रभारी सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा वाहिनी एवं राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला का कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पमालाओं, अंगवस्त्र तथा जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने घोषणा की कि लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक गुरुकुल एवं गौशाला का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह गुरुकुल सीबीएसई पैटर्न पर संचालित होगा, जिसमें आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृत शिक्षा को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि गुरुकुल में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा, संस्कार तथा समग्र व्यक्तित्व विकास का अवसर प्रदान किया जाएगा। वहीं प्रस्तावित गौशाला भारतीय गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और जैविक कृषि को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गुरुकुल का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, चरित्र निर्माण, अनुशासन, संस्कार एवं सेवा की भावना से युक्त नई पीढ़ी तैयार करना है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने गुरुकुल और गौशाला निर्माण की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज एवं राष्ट्रहित की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा इसके सफल क्रियान्वयन हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा शिक्षा, गौसंरक्षण एवं समाजसेवा के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
