पगड़ी और पटका में सजा दीक्षांत समारोह, महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में छठवां कॉन्वोकेशन सफलतापूर्वक सम्पन्न
लखनऊ, 28 नवंबर 2025।महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ कैंपस का छठवां दीक्षांत समारोह गुरुवार को बड़े ही धूमधाम, गरिमा और सांस्कृतिक भव्यता के साथ आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे दीप प्रज्वलन और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आरंभ हुए कार्यक्रम ने पूरे परिसर में आध्यात्मिकता और भारतीय परंपरा की उज्ज्वल छटा बिखेर दी।
कार्यक्रम के शुभारंभ पर कुलाधिपति श्री अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि श्रेष्ठ शिक्षा, रचनात्मक विचार और अनुशासन ही एक मजबूत राष्ट्र का आधार हैं।कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु प्रताप सिंह ने दीक्षांत समारोह को छात्रों की कड़ी मेहनत, संघर्ष और उपलब्धियों का उत्सव बताया। रजिस्ट्रार डॉ. गिरीश छिमवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और अनुसंधान के सभी क्षेत्रों में निरंतर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है और छात्र ही संस्थान की वास्तविक पहचान हैं।
समारोह को विशिष्ट गरिमा प्रदान की मुख्य अतिथि डॉ. संजीव मिश्रा, कुलपति — अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ, तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिल कुमार, निदेशक — इसरो टेलिमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (ISTTRC), बैंगलुरु ने। दोनों ही अतिथियों ने छात्रों को राष्ट्र निर्माण, नवाचार और उत्कृष्टता के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस वर्ष कुल 34 पीएचडी, 1257 पोस्ट ग्रेजुएट, 830 अंडरग्रेजुएट और 334 डिप्लोमा सहित कुल 2455 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। ये उपलब्धियाँ विद्यार्थियों की अदम्य मेहनत और विश्वविद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली को दर्शाती हैं।
दीक्षांत समारोह का आकर्षण रहा पारंपरिक संस्कृति से ओत-प्रोत शोभा यात्रा, जिसमें विद्यार्थी पगड़ी और पीला पटका पहनकर भारतीय विरासत का अद्भुत प्रदर्शन कर रहे थे। परिसर में अनुशासन, उत्साह और सांस्कृतिक गौरव का अद्वितीय वातावरण नजर आया।
इस अवसर पर कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डॉ. के. के. शुक्ला, डिप्टी रजिस्ट्रार श्री संदीप शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. राजेश सिंह, विश्वविद्यालय के सभी डीन, डिप्टी डीन और संकाय सदस्य मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों, अनुसंधान कार्यों और नवाचारों की विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों ने सराहा।
महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी अपनी मूल्य-आधारित, कौशल-केंद्रित और शोध-प्रधान शिक्षा की परंपरा के साथ राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आज का सफल दीक्षांत समारोह इसी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
