क्रेडिट सुइस AT-1 बॉन्ड मामला: NCDRC ने HDFC बैंक के खिलाफ शिकायतें खारिज कीं, निवेशकों को 'उपभोक्ता' मानने से इनकार
क्या था मामला?
यह मामला पंकज सिन्हा, नरेंद्र श्रीनाथ सिंगरू और आशुतोष तिवारी द्वारा दायर किया गया था। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि उन्हें उच्च जोखिम वाले ऑफशोर AT-1 बॉन्ड में निवेश के लिए गलत तरीके से प्रेरित किया गया। उनका दावा था कि बैंक ने जोखिमों का पर्याप्त खुलासा नहीं किया और सुरक्षित रिटर्न का वादा करके सेवा में कमी व अनुचित व्यापार व्यवहार किया।
HDFC बैंक का पक्ष
बैंक ने इन आरोपों का पुरजोर खंडन करते हुए स्पष्ट किया कि:
-
बैंक केवल एक सुविधा प्रदाता (Facilitator) के रूप में कार्य कर रहा था।
-
यह निवेश बैंक की किसी जमा योजना का हिस्सा नहीं था, बल्कि निवेशकों का स्वैच्छिक निर्णय था।
-
सभी संबंधित दस्तावेजों में जोखिमों का स्पष्ट उल्लेख किया गया था।
-
निवेशक लंबे समय तक इस निवेश से प्राप्त लाभ का आनंद लेते रहे और शिकायत तब दर्ज की गई जब वैश्विक बाजार के घटनाक्रमों के कारण नुकसान हुआ।
NCDRC के फैसले के मुख्य बिंदु
आयोग ने मामले की गंभीरता से समीक्षा करने के बाद निम्नलिखित निष्कर्ष निकाले:
-
निवेशक 'उपभोक्ता' नहीं: आयोग ने पाया कि यह लेनदेन लाभ कमाने के उद्देश्य से किया गया एक 'वाणिज्यिक निवेश' (Commercial Investment) था। अतः, शिकायतकर्ता उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत "उपभोक्ता" की परिभाषा में नहीं आते।
-
बाहरी घटनाक्रम का प्रभाव: आयोग ने माना कि कथित नुकसान क्रेडिट सुइस AT-1 बॉन्ड के वैश्विक नियामकीय राइट-डाउन (Write-down) के कारण हुआ। यह एक विदेशी बाजार घटनाक्रम था जो पूरी तरह से बैंक के नियंत्रण से बाहर था।
-
अनुभवी निवेशक: टिप्पड़ी में कहा गया कि शिकायतकर्ता वित्तीय रूप से सक्षम और अनुभवी निवेशक थे, जिन्होंने अपने विवेक से निवेश का निर्णय लिया था।
-
क्षेत्राधिकार की सीमा: संविदा (Contract) की शर्तों के आधार पर आयोग ने यह भी पाया कि यह मामला भारतीय न्यायालयों के अधिकार क्षेत्र में चलाने योग्य नहीं था।
इन तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग ने तीनों शिकायतों को आधारहीन मानते हुए खारिज कर दिया। यह फैसला वित्तीय संस्थानों के लिए एक बड़ी मिसाल है, जो यह स्पष्ट करता है कि बाजार के जोखिमों के कारण होने वाले नुकसान के लिए हर बार सुविधा प्रदाता बैंक को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
