डीसीएम श्रीराम लिमिटेड, शुगर यूनिट लोनी में पेराई सत्र 2025-26 का शुभारम्भ
Commencement of crushing season 2025-26 at DCM Shriram Limited, Sugar Unit Loni
Fri, 7 Nov 2025
हरदोई, (अम्बरीष कुमार सक्सेना)
डीसीएम श्रीराम लिमिटेड की शुगर यूनिट लोनी में शुक्रवार को पूजा-अर्चना के साथ पेराई सत्र 2025-26 की औपचारिक शुरुआत की गई। उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, जिला गन्ना अधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता, यूनिट के सीईओ (शुगर) श्री रोशन लाल टामक, मुख्य संचालन अधिकारी श्री आशुतोष त्रिपाठी सहित विभिन्न समितियों, परिषदों एवं विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही। प्रथम बैलगाड़ी, ट्रॉली एवं ट्रक से आए गन्ने की तौल के साथ पेराई की शुरुआत की गई तथा किसानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि गन्ने के मूल्य में 30 रुपये प्रति कुन्तल की बढ़ोतरी से किसानों में उत्साह और खुशी है। उन्होंने बुवाई तकनीक और कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का निरीक्षण कर मिल द्वारा किसानों के हित में चलाए जा रहे कार्यों की सराहना की।
जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता ने किसानों से कहा कि अपनी आमदनी बढ़ाने के लिए शरदकालीन गन्ने के साथ सहफसली खेती भी अपनाएं। उन्होंने किसानों को जानकारी दी कि कृषि विभाग द्वारा सहफसली खेती को बढ़ावा देने हेतु सरसों का बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीईओ (शुगर) आर.एल. टामक ने किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि समय पर गन्ने की खरीद की जाएगी और अधिक उपज ही किसान और प्रदेश दोनों के हित में है। COO आशुतोष त्रिपाठी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि मिल की ओर से उन्हें किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस वर्ष मिल ने 140 लाख कुन्तल पेराई लक्ष्य निर्धारित किया है। यूनिट प्रमुख राजा श्रीवास्तव ने कहा कि किसानों का हित सदैव सर्वोपरि है और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए डीसीएम श्रीराम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों से अधिक गन्ना बुवाई कर आपूर्ति बढ़ाने का आह्वान भी किया गया।
विभागाध्यक्ष (गन्ना) अनिल सिंह ने किसानों से उन्नत प्रजातियों, वैज्ञानिक विधियों व मशीनीकरण (मेकानिकल प्लांटर) के प्रयोग को बढ़ावा देने अपील की। उन्होंने प्रेसमड व कम्पोस्ट खाद का उपयोग, खेतों में अवशेष न जलाने और पानी बचत तकनीक अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही किसानों से कहा गया कि निर्धारित शिफ्ट के अनुसार ही साफ और ताजा गन्ना मिल को भेजें, जिससे किसी असुविधा से बचा जा सके।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी संजय सिंह, बृजभूषण शाक्य, पुत्तन लाल, अजय कुमार, प्रदीप त्यागी, संजीव कुमार तोमर, अखिलेश गुप्ता, अतुल श्रीवास्तव, शोभित रस्तोगी, सुनीता पाण्डेय, अली आरजू जैदी, गौरव रस्तोगी, विवेक रस्तोगी, आनन्द सिंह, प्रवीर सिंह, ओ.पी. शर्मा, विष्णु दीक्षित सहित मिल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
