बलरामपुर चीनी मिल में पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ, 1.80 करोड़ कुंतल गन्ना पेराई का लक्ष्य निर्धारित
बलरामपुर। क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों का इंतजार समाप्त हो गया है। बलरामपुर चीनी मिल की मुख्य इकाई में पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया गया। बुधवार को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पूजन का आयोजन हुआ। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से डोंगे में गन्ना डालकर पेराई कार्य की शुरुआत की। नए सत्र के आगाज पर मिल परिसर में मौजूद किसानों में उत्साह दिखाई दिया।
पिछले सत्र के बराबर रखा गया पेराई लक्ष्य
मिल के अधिशासी अध्यक्ष केके बाजपेई ने बताया कि प्रबंधन ने इस सत्र में भी 1 करोड़ 80 लाख कुंतल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह लक्ष्य पिछले सत्र के रिकॉर्ड के बराबर है। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण कुछ क्षेत्रों में गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा है, लेकिन गन्ने के रकबे में बढ़ोतरी होने से निर्धारित लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद है।
7 से 10 दिनों में भुगतान का प्रयास
गन्ना मूल्य भुगतान के संबंध में किसानों को भरोसा दिलाते हुए केके बाजपेई ने कहा कि मिल प्रबंधन अपनी पारदर्शी भुगतान व्यवस्था को जारी रखेगा। सरकारी नियमों के अनुसार गन्ना मूल्य का भुगतान 14 दिनों के भीतर किया जाना है, लेकिन मिल का प्रयास रहेगा कि किसानों को 7 से 10 दिनों में ही भुगतान मिल जाए। इसके लिए सप्ताह में दो दिन नियमित रूप से भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले पेराई सत्र में भी मिल बंद होने के एक सप्ताह के भीतर किसानों के शत-प्रतिशत बकाये का भुगतान कर दिया गया था।

105 क्रय केंद्रों पर तौल और ढुलाई के इंतजाम
गन्ना खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए इस बार विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मिल से जुड़े लगभग 105 क्रय केंद्रों पर गन्ने की जल्द लोडिंग और ढुलाई के लिए मैकेनिकल लोडर तथा अधिक क्षमता वाले वाहनों की तैनाती की गई है।
बहराइच जिले के सभी 37 क्रय केंद्र पहले दिन से ही चालू कर दिए गए हैं। वहीं, जलभराव से प्रभावित कुछ स्थानीय केंद्रों को जल्द से जल्द सुचारु करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों ने की सराहना, 550 रुपये प्रति कुंतल मूल्य की मांग
कार्यक्रम में सम्मानित किए गए प्रगतिशील किसान पवन कुमार तिवारी ने मिल प्रबंधन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 1998 से मिल को गन्ने की आपूर्ति कर रहे हैं। पिछले सत्र में उन्होंने 4,300 कुंतल गन्ना मिल को दिया था। उन्होंने समय पर खाद, बीज और गन्ना मूल्य भुगतान उपलब्ध कराने के लिए प्रबंधन की प्रशंसा की।
हालांकि, बढ़ती कृषि लागत का हवाला देते हुए उन्होंने सरकार से गन्ने का समर्थन मूल्य कम से कम 550 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग भी की। सदर विधायक पलटूराम ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और समयबद्ध पेराई सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
पेराई सत्र के शुभारंभ समारोह में पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, सदर विधायक पलटूराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, मिल अधिकारी और किसान मौजूद रहे।
