दिवाली पर दंगल टीवी की सौगात, शुरू हुआ नया शो ‘सांचे दरबार की जय’

मां ज्वाला के परम भक्त ध्यानु भगत की अमर गाथा पर आधारित है भक्तिपूर्ण सामाजिक ड्रामा, सोमवार से शनिवार शाम 6:30 बजे होगा प्रसारण

 
दिवाली पर दंगल टीवी की सौगात, शुरू हुआ नया शो ‘सांचे दरबार की जय’

मुंबई। दिवाली के पावन अवसर पर दंगल टीवी दर्शकों के लिए नया शो ‘सांचे दरबार की जय... ध्यानु भगत की अमर कहानी’ लेकर आया है। एंटर10 टीवी नेटवर्क के प्रमुख चैनल दंगल टीवी का यह भक्तिपूर्ण सामाजिक ड्रामा मां ज्वाला के परम भक्त ध्यानु भगत के जीवन और उनकी अटूट आस्था से प्रेरित है। शो के जरिए ध्यानु भगत की उस गाथा को प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पीढ़ियों से लोगों को भक्ति, प्रेम और समर्पण की प्रेरणा देती रही है।

ध्यानु भगत की मां ज्वाला के प्रति अटूट श्रद्धा को केंद्र में रखकर तैयार की गई यह कहानी जागराता और ‘सांचे दरबार की जय’ की परंपरा से भी जुड़ती है। शाम 6:30 बजे प्रसारित होने वाला यह शो दिवाली के त्योहार में भक्ति और आध्यात्मिकता का रंग जोड़ रहा है।

मितांश यादव निभा रहे हैं ध्यानु भगत की भूमिका

गहरे सामाजिक भेदभाव के दौर के एक छोटे से गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में ध्यानु भगत का किरदार मितांश यादव निभा रहे हैं। शो में दिखाया गया है कि किस तरह प्रेम और अटूट विश्वास डर पर विजय प्राप्त कर सकते हैं और सच्ची आस्था के सामने बड़ी से बड़ी शक्ति को भी झुकना पड़ता है।

शो में कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। राजेश दुबे पंडित नंदजी, तनिष्क शेख योगमाया, अर्शी जावेद मीरा, निमय बाली भोजराज, दैविक भानुशाली बलवंत, राम अवन पाताल बाबा और राजन व्यास पौना सिंह की भूमिका निभा रहे हैं। कलाकारों के जरिए कहानी में आस्था, संघर्ष, भय और शक्ति के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है।

कलाकारों ने साझा किए अपने अनुभव

ध्यानु भगत की भूमिका निभा रहे मितांश यादव ने कहा, “मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यह किरदार निभाने का मौका मिला। मुझे व्यक्तिगत रूप से भक्ति और मंत्र-जाप करना पसंद है, इसलिए इस शो का हिस्सा बनकर मुझे बहुत खुशी हुई।”

वहीं, पंडित नंदजी की भूमिका निभा रहे अभिनेता राजेश दुबे ने कहा, “हमें लगता है कि ज्वाला माता ने खुद हमें इस अद्भुत कहानी को लोगों के सामने लाने और भक्ति, प्रेम तथा ईश्वर के प्रति समर्पण का असली अर्थ समझने के लिए चुना है।”‘सांचे दरबार की जय... ध्यानु भगत की अमर कहानी’ के माध्यम से दंगल टीवी दर्शकों के सामने आस्था, भक्ति और समर्पण की प्रेरणादायक गाथा पेश कर रहा है। शो का प्रसारण सोमवार से शनिवार शाम 6:30 बजे दंगल टीवी पर किया जा रहा है।

Tags