इंस्पायर मानक राष्ट्रीय प्रदर्शनी की तारीख घोषित, लखनऊ मंडल के पांच छात्र दिखाएंगे प्रतिभा
लखनऊ। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी इंस्पायर मानक (INSPIRE-MANAK) योजना के तहत वर्ष 2023-24 और 2024-25 की राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। लखनऊ मंडल से पांच छात्र-छात्राएं इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी में अपने नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।
शिक्षा निदेशक माध्यमिक प्रताप सिंह बघेल की ओर से लखनऊ मंडल से चयनित प्रतिभागियों को निर्धारित समय पर राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को 11 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे तक नई दिल्ली पहुंचना होगा और अपराह्न 2 बजे तक अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।
लखनऊ मंडल से पांच प्रतिभागी होंगे शामिल
राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए लखनऊ मंडल से वर्ष 2024-25 के चार और वर्ष 2023-24 का एक प्रतिभागी चयनित हुआ है।
वर्ष 2024-25 के चयनित प्रतिभागी
- शोभित राज, कक्षा 8, उच्च प्राथमिक विद्यालय शीतल पुरवा, लखनऊ
- मान्या श्रीवास्तव, कक्षा 10, सेठ एम.आर. जयपुरिया गोयल कैंपस, लखनऊ
- राधा देवी, कक्षा 7, उच्च प्राथमिक विद्यालय बरछाता, सीतापुर
- शिवम, कक्षा 6, पीएम आवास विकास विद्यालय, उन्नाव
वर्ष 2023-24 के चयनित प्रतिभागी
- अभिनंजय पाण्डेय, कक्षा 9, मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज, महानगर, लखनऊ
इस प्रकार लखनऊ मंडल से कुल पांच प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचार और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।
टीम लीडर के रूप में शिक्षक होंगे नामित
डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक छात्र के साथ एक पुरुष शिक्षक को टीम लीडर तथा छात्रा के साथ एक महिला शिक्षिका को टीम लीडर के रूप में नामित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से नामित टीम लीडरों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि चयनित छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों को प्रदर्शनी में प्रतिभाग करने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई अभिभावक अपने बच्चे के साथ नई दिल्ली जाता है तो उसके रहने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का खर्च स्वयं वहन करना होगा।
11 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचना अनिवार्य
राष्ट्रीय प्रदर्शनी में समय से प्रतिभागिता सुनिश्चित करने के लिए चयनित छात्र-छात्राओं के अग्रिम रेल टिकट आरक्षित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी प्रतिभागियों को 11 अक्टूबर की सुबह 7 बजे नई दिल्ली रिपोर्ट करना होगा, ताकि निर्धारित समय में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
डीआईओएस को टीम लीडर नामित करने के निर्देश
संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने भी लखनऊ, सीतापुर और उन्नाव के जिला विद्यालय निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने चयनित छात्र-छात्राओं के साथ टीम लीडर के रूप में शिक्षकों की नियुक्ति करते हुए उन्हें समय से राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में प्रतिभाग कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
इंस्पायर मानक योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि बढ़ाने और समाज की समस्याओं के समाधान से जुड़े मौलिक एवं नवाचारी विचारों को प्रोत्साहित करना है। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में देशभर से चयनित विद्यार्थी अपने मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे।
