डीसीए ब्लू की धमाकेदार जीत, डीसीए ऑरेंज को 95 रनों से हराया; प्रिंस पांडे ने जड़ा शानदार शतक
सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ए-डिवीजन लीग में डीसीए ब्लू ने तीन विकेट पर बनाए 339 रन, प्रिंस पांडे बने मैन ऑफ द मैच
सुल्तानपुर/लखनऊ डेस्क (आर.एल. पाण्डेय)। सुल्तानपुर के गनपत सहाय पीजी कॉलेज, पयागीपुर स्थित डीसीए क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित सुल्तानपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ए-डिवीजन क्रिकेट लीग के मुकाबले में डीसीए ब्लू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीसीए ऑरेंज को 95 रनों से पराजित कर दिया। मैच के हीरो रहे प्रिंस पांडे ने तूफानी शतक जड़कर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
डीसीए ब्लू ने खड़ा किया 339 रनों का विशाल स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए ब्लू की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में तीन विकेट खोकर 339 रन बनाए। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। सलामी बल्लेबाज आनंद मिश्रा ने 50 गेंदों पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 70 रन बनाए। वहीं प्रिंस पांडे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 57 गेंदों में नौ चौकों और सात छक्कों की मदद से 100 रन ठोक दिए।
आर्यन शुक्ला ने 53 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 78 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अर्जुन श्रीवास्तव ने भी 60 रन बनाकर नाबाद रहते हुए टीम के स्कोर को मजबूती दी। प्रखर सिंह भी नाबाद लौटे। डीसीए ऑरेंज की ओर से अर्जित, दानिश और खुशी भार्गव ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए 244 रन ही बना सकी डीसीए ऑरेंज
340 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ऑरेंज की टीम ने संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 244 रन ही बना सकी।सलामी बल्लेबाज रघुराज यादव ने 49 गेंदों पर 33 रन और विमर्श पांडे ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए। हिमांशु मिश्रा ने 35 गेंदों पर 43 रन की पारी खेली, जबकि अद्वैत तिवारी ने भी 35 गेंदों पर 42 रन बनाए।कप्तान सुशील कुमार ने 32 रन बनाए, लेकिन श्रेयांश यादव की गेंद पर प्रखर सिंह ने उनका कैच लपक लिया। ऋषभ ने 25 रन का योगदान दिया, जबकि कपिल पाल 23 रन बनाकर नाबाद रहे।
डीसीए ब्लू के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
डीसीए ब्लू की ओर से श्रेयांश यादव ने सर्वाधिक दो विकेट हासिल किए। शशांक यादव, रवि पांडे, कप्तान अस्मित वर्मा, अंशुमान विश्वकर्मा और शांतनु ने एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम की रन गति पर अंकुश लगाया।
प्रिंस पांडे बने मैन ऑफ द मैच
शानदार शतक लगाने वाले प्रिंस पांडे को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। वहीं श्रेयांश यादव को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला। इसके अलावा आर्यन शुक्ला, आनंद मिश्रा, अंशुमान विश्वकर्मा और अर्जित ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया। इस तरह ए-डिवीजन लीग के इस मुकाबले में डीसीए ब्लू ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए डीसीए ऑरेंज पर 95 रनों की शानदार जीत दर्ज की।
