लगन, अनुशासन और कौशल ही सफलता की कुंजी : अतुल करन यादव
Dedication, discipline, and skill are the keys to success: Atul Karan Yadav
Wed, 4 Feb 2026
लखनऊ। निजी विद्यालय प्रबंधक महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष, शिक्षाविद् एवं अधिवक्ता अतुल करन यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में विशेष कौशल (स्किल) का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज का डिजिटल इंडिया कुशल और प्रशिक्षित युवाओं की बदौलत ही तेज़ी से प्रगति कर रहा है।
श्री यादव ने कहा कि प्रत्येक युवा के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और सही दिशा में निखारने की है। शिक्षा के क्षेत्र में डेढ़ दशक से अधिक के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि युवा मेहनत के साथ लगन और अनुशासन को अपने जीवन का आधार बना लें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रह जाता।
उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि बड़ी और विशिष्ट उपलब्धियाँ हासिल करने के लिए समय, निरंतर अभ्यास और एकाग्रता अनिवार्य है। समय रहते पढ़ाई में रुचि विकसित करना और किसी एक क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। अंत में श्री यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल का निरंतर विकास करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाकर देश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दें।
