एसएमएस लखनऊ में दीपावली गाला एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन, 5,000 दीपों से सजी ‘जय श्रीराम’ की आकृति

पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह 'गोप' रहे मुख्य अतिथि, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संगीत व डांडिया के साथ मनाया दीपोत्सव

 
एसएमएस लखनऊ में दीपावली गाला एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन, 5,000 दीपों से सजी ‘जय श्रीराम’ की आकृति

ब्यूरो चीफ आर. एल. पाण्डेय

लखनऊ। स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (एसएमएस), लखनऊ में दीपावली के अवसर पर भव्य गाला एवं डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। समारोह में संस्थान के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। संगीत, नृत्य और रोशनी से सजे परिसर में दीपावली का उल्लास देखते ही बना।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह 'गोप' मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डॉ. सी. एम. द्विवेदी, एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं सीईओ शरद सिंह, श्वेता सिंह और ला फिडुसी के अध्यक्ष यश सेंगर मौजूद रहे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद डीजे रिबेल और डीजे जेजे ने अपनी ऊर्जावान संगीत प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया। उनकी धुनों पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम का संचालन एंकर आयुषी ने किया। अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से उन्होंने पूरे आयोजन में उत्साह बनाए रखा।

5,000 दीपों से बनाई गई ‘जय श्रीराम’ की भव्य आकृति

दीपावली समारोह को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग देते हुए विद्यार्थियों ने संस्थान परिसर में 5,000 दीप प्रज्वलित किए। इन दीपों को आकर्षक ढंग से सजाकर ‘जय श्रीराम’ की भव्य आकृति बनाई गई। दीपों से सजी इस प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह आयोजन भगवान श्रीराम के प्रति विद्यार्थियों की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक बना।

मुख्य अतिथि अरविंद सिंह 'गोप' ने सभी विद्यार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कौशल विकास के साथ सांस्कृतिक मूल्यों और संस्कारों का भी ध्यान रखना चाहिए। व्यावसायिक दक्षता हासिल करने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना जरूरी है।

डॉ. सी. एम. द्विवेदी ने शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक और पाठ्येतर आयोजनों को भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। ला फिडुसी के अध्यक्ष यश सेंगर ने डांडिया नृत्य की विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने आयोजन समितियों से जुड़े छात्र सदस्यों को भी उनके समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में सांस्कृतिक, नवाचार और खेल गतिविधियों के आयोजन में विद्यार्थियों को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

एसएमएस लखनऊ के सचिव एवं सीईओ शरद सिंह और उनकी पत्नी श्रीमती श्वेता सिंह ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना की।

इस अवसर पर एसएमएस लखनऊ के निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, महानिदेशक (तकनीकी) प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. धर्मेंद्र सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. मोहम्मद हुसैन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. पी. के. सिंह, मुख्य महाप्रबंधक सुरेंद्र श्रीवास्तव, रजिस्ट्रार एस. एन. शुक्ला, संयुक्त निदेशक (प्रवेश) डॉ. वी. बी. सिंह और उप महाप्रबंधक राहुल अवस्थी सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags