तुलसी धाम राजापुर में ‘तुलसी की पैड़ी’ निर्माण की उठी मांग
Demand raised for construction of 'Tulsi ki Paadi' at Tulsi Dham Rajapur
Mon, 16 Mar 2026
लखनऊ डेस्क (आर. एल. पाण्डेय)। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि तुलसी धाम राजापुर में ‘तुलसी की पैड़ी’ के निर्माण की मांग उठाई गई है। इस संबंध में सनातन धर्म परिषद एवं श्री तुलसी जन्मभूमि न्यास के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि रामचरितमानस के रचयिता तुलसीदास की जन्मस्थली तुलसी धाम, राजापुर (विकासखंड परसपुर, तहसील करनैलगंज, जनपद गोंडा) में तुलसी की पैड़ी, सड़क तथा तुलसी घाट का निर्माण कराया जाए।
प्रतिनिधियों ने बताया कि जिस प्रकार राम की पैड़ी और हर की पैड़ी देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र हैं, उसी तरह तुलसी धाम में ‘तुलसी की पैड़ी’ बनने से यह स्थल भी श्रद्धालुओं, शोधार्थियों और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
उनका कहना है कि इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के समुचित विकास के साथ स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा।
इस अवसर पर डॉ. स्वामी भगवदाचार्य ने कहा कि तुलसी धाम का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत बड़ा है, इसलिए यहां आवश्यक धार्मिक एवं पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाना चाहिए।
