बाराबंकी-बहराइच फोरलेन को गोरखपुर तक विस्तार देने की मांग

पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सौंपा पत्र
 
cvbcxb

बलरामपुर। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बाराबंकी-बहराइच प्रस्तावित फोरलेन हाईवे को आगे श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर होते हुए गोरखपुर तक विस्तारित करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को पत्र सौंपकर क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक महत्व की जानकारी दी।

पूर्व सांसद ने कहा कि यदि बाराबंकी-बहराइच फोरलेन को श्रावस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के रास्ते गोरखपुर से जोड़ा जाता है तो पूर्वांचल के कई जिलों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान होने के साथ कृषि, व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने पत्र में श्रावस्ती के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बुद्ध से जुड़ा यह क्षेत्र देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। दोनों स्थलों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ने से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिल सकती है।

दद्दन मिश्र ने कहा कि प्रस्तावित विस्तार से श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और गोरखपुर के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों के आवागमन में सुविधा के साथ स्थानीय व्यापार, कृषि उत्पादों की आवाजाही और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया। पूर्व सांसद के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मांग पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

Tags