इस्कॉन लखनऊ में श्रील प्रभुपाद के तिरोभाव दिवस पर भक्तों ने अर्पित की श्रद्धांजलि और पुष्पांजलि
लखनऊ डेस्क। अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) लखनऊ की ओर से विश्व गुरु श्रील प्रभुपाद जी का तिरोभाव दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इस्कॉन भक्तों ने संकीर्तन, नृत्य और प्रभुपाद जी के गुणगान के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया।
कार्यक्रम में इस्कॉन लखनऊ के मंदिर अध्यक्ष श्रीमान अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने श्रील प्रभुपाद के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान और शिक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रभुपाद जी के तीन प्रमुख सिद्धांतों को विशेष रूप से रेखांकित किया।
-
प्रचार ही सार
-
शुद्धता ही शक्ति
-
पुस्तकें ही आधार
अभयचरण डे से बने विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु
अपरिमेय श्याम प्रभु जी ने बताया कि श्रील प्रभुपाद का जन्म कलकत्ता के एक बंगाली कायस्थ परिवार में हुआ था और बचपन में उनका नाम अभयचरण डे था। वर्ष 1922 में उनकी मुलाकात अपने आध्यात्मिक गुरु श्रील भक्ति सिद्धांत सरस्वती ठाकुर से हुई। इस मुलाकात ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। गुरुदेव से प्रेरित होकर उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता पर लेखन किया और गौड़ीय मठ की गतिविधियों में सहयोग देना शुरू किया।
वर्ष 1944 में उन्होंने बिना किसी बाहरी सहायता के अंग्रेजी पत्रिका का प्रकाशन शुरू किया। इस पत्रिका के संपादन, टंकण और प्रूफ रीडिंग की जिम्मेदारी भी उन्होंने स्वयं संभाली। वर्ष 1947 में गौड़ीय वैष्णव समाज ने उन्हें 'भक्तिवेदांत' की उपाधि से सम्मानित किया।

70 वर्ष की आयु में कृष्ण भक्ति का संदेश लेकर पहुंचे अमेरिका
वर्ष 1959 में संन्यास ग्रहण करने के बाद श्रील प्रभुपाद ने वृंदावन में रहकर श्रीमद्भागवत पुराण का अंग्रेजी में अनुवाद और टीका लेखन किया। अपने गुरु के आदेश को जीवन का उद्देश्य बनाते हुए उन्होंने पश्चिमी देशों में भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का प्रचार करने का संकल्प लिया।
वर्ष 1965 में लगभग 70 वर्ष की आयु में वे सीमित संसाधनों और बिना किसी विशेष आर्थिक सहायता के समुद्री यात्रा के माध्यम से अमेरिका पहुंचे। वहां वर्ष 1966 में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) की स्थापना की। इसके बाद कृष्ण भक्ति और हरे कृष्ण महामंत्र का संदेश दुनिया के अनेक देशों तक पहुंचा।
शिक्षा और आध्यात्मिक साहित्य के क्षेत्र में भी दिया महत्वपूर्ण योगदान
श्रील प्रभुपाद ने वर्ष 1968 में अमेरिका के वर्जीनिया क्षेत्र में नव-वृंदावन की स्थापना की। इसके बाद वर्ष 1972 में टेक्सास के डलास में गुरुकुल की शुरुआत की, जहां वैदिक परंपरा पर आधारित प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा को बढ़ावा दिया गया।
वर्ष 1966 से 1977 के बीच उन्होंने विश्व के विभिन्न देशों की 14 बार यात्राएं कीं और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति का प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने भक्तिवेदांत बुक ट्रस्ट (BBT) की स्थापना की, जिसके माध्यम से आध्यात्मिक पुस्तकों का व्यापक स्तर पर प्रकाशन और वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त कृष्णभावना के वैज्ञानिक एवं दार्शनिक आधार को प्रस्तुत करने के उद्देश्य से भक्तिवेदांत इंस्टीट्यूट की भी स्थापना की।

कीर्तन और पुष्पांजलि के साथ भक्तों ने किया स्मरण
कार्यक्रम में उपस्थित भक्तों ने उत्साहपूर्वक हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन किया। भजन-कीर्तन, नृत्य और बारी-बारी से श्रील प्रभुपाद के गुणों एवं शिक्षाओं का स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर बताया गया कि श्रील प्रभुपाद की शिक्षाओं और आध्यात्मिक साहित्य से प्रेरित होकर आज भी विश्वभर में करोड़ों लोग भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में भक्तों ने निर्धारित परंपरा के अनुसार दोपहर तक उपवास रखा और इसके बाद भगवान का प्रसाद ग्रहण किया।
स्थान: श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर, सेक्टर-एफ, सुशांत गोल्फ सिटी, सुलतानपुर रोड, लखनऊ।
सौजन्य: इस्कॉन मीडिया समूह, लखनऊ।
मीडिया प्रभारी:
-
श्रवण सिंधु प्रभु जी – 9956297014
-
रति वल्लभ दास – 8808871111
-
प्रेमानन्द गोविन्द दास – 8896347591

