सीता हरण के प्रसंग पर श्रद्धालुओं की आंखें हुईं नम

मालवीय नगर की प्राचीन रामलीला में उमड़े दर्शक, सूर्पनखा प्रसंग और खर-दूषण वध का हुआ मनोहारी मंचन

 
t7t6

गोण्डा। मालवीय नगर स्थित जनपद मुख्यालय की प्राचीन नगर रामलीला में बुधवार को छठे दिन भगवान श्रीराम की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। अयोध्याधाम के हनुमत लीला मंडल के कलाकारों ने जयंत लीला, मुनियों से मिलाप, पंचवटी निवास, सूर्पनखा की नाक काटने, खर-दूषण वध, जानकी हरण, जटायु मोक्ष और शबरी मिलन जैसे प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

लीला के दौरान सूर्पनखा के प्रेम प्रदर्शन वाले प्रसंग ने दर्शकों को खूब आनंदित किया। वहीं, साधु का वेश धारण कर आए रावण द्वारा माता सीता के अपहरण के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया और कई दर्शकों की आंखें नम हो गईं। प्रसंगों के अनुरूप रामचरितमानस की चौपाइयों का सस्वर पाठ वातावरण को भक्तिमय बनाता रहा। चौपाइयों और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

इससे पूर्व भगवान श्रीराम की शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। रामलीला आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रति समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और लीला संरक्षक अरुण कुमार शुक्ल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, संजय तिवारी, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय, हरीश शुक्ला और गोपेश श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags