परमात्मा के मिलन का सरल मार्ग है भक्ति : नीरज शास्त्री
Devotion is the easiest way to meet God: Neeraj Shastri
Fri, 23 Jan 2026
बेलसर। नगर पंचायत बेलसर में चेयरमैन प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह उर्फ गोलू सिंह के श्यामू सिंह हाता स्थित आवास पर आयोजित सायं श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस भक्ति के महात्म्य का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
कथा का रसपान कराते हुए अयोध्या के युवा कथा मनीषी नीरज दास शास्त्री ने कहा कि परमात्मा के मिलन का सबसे सरल और सुगम मार्ग भक्ति है। मानव शरीर परमात्मा की असीम अनुकंपा से प्राप्त होता है, इसलिए जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करते हुए प्रभु का भजन-स्मरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विषय भोगों में जीवन का बहुमूल्य समय व्यर्थ करने से अंततः केवल पश्चाताप ही शेष रह जाता है।
श्रद्धालुओं को भक्ति की ज्ञान गंगा में अभिसिंचित करते हुए कथा व्यास ने भक्त प्रह्लाद और ध्रुव का उदाहरण देते हुए कहा कि बाल्यावस्था में ही प्रभु की शरण ग्रहण करने से जीवन धन्य हो जाता है। वहीं, शबरी ने प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया, जो निष्काम भक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण है।
कथा के दौरान शिक्षक नेता अजीत सिंह, मोनू सिंह, सूरज सिंह, संतोष कुमार सिंह, कृष्णपाल सिंह, पंकज सिंह सहित नगरवासी एवं व्यापारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
