बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में आपदा प्रबंधन कार्यशाला संपन्न

Disaster Management Workshop concludes at Birla Open Minds International School
 
बिड़ला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में आपदा प्रबंधन कार्यशाला संपन्न

लखनऊ: Birla Open Minds International School, अयोध्या रोड में आज एक प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में Civil Defence Lucknow के अधिकारी मनोज वर्मा एवं ऋषि कुमार के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के उपनिरीक्षक भूप सिंह ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा, जो राष्ट्रीय स्तर के ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भी हैं, ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने भूकंप की स्थिति में सुरक्षा उपायों की मॉक एक्सरसाइज कराई, जिसमें छात्रों ने पूरे मनोयोग से भाग लिया। इस दौरान बच्चों को इमरजेंसी में स्ट्रेचर उपलब्ध न होने की स्थिति में अस्थायी स्ट्रेचर बनाने और उसका प्रयोग करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

सिविल डिफेंस अधिकारी ऋषि कुमार ने आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अग्निशमन में उपयोग होने वाले रासायनिक उपकरणों के प्रयोग का प्रदर्शन कराया और विद्यार्थियों से उसका अभ्यास भी करवाया। साथ ही इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 101, 108 और 112 की उपयोगिता के बारे में बताया।

hjkj

उपनिरीक्षक भूप सिंह, उत्तर प्रदेश पुलिस ने सड़क यातायात जागरूकता पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क पार करने के नियम, वाहन की उचित गति, सुरक्षित ओवरटेकिंग, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।

इस कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को व्यवहारिक और जीवनोपयोगी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन रामशंकर वर्मा, प्राचार्या डॉ. विभा आहूजा, निदेशिका सुश्री सौम्या चौधरी, निदेशक निकेत वर्मा तथा सिविल डिफेंस की वार्डेन रीता पटेल की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आपात परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ कार्य करने के लिए तैयार करना था।

Tags