सपेरा समुदाय के परिवारों को चादरें वितरित
मानवाधिकार जनसेवा परिषद द्वारा जरूरतमंद परिवारों की सहायता
लखनऊ। मानवाधिकार जनसेवा परिषद द्वारा रायबरेली रोड स्थित किसान पथ के पास ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले अभावग्रस्त सपेरा समुदाय के परिवारों को एमिटी यूनिवर्सिटी से प्राप्त चादरों का वितरण किया गया।
संघ परिवार से जुड़े गगन शर्मा ने परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा को जानकारी दी कि रायबरेली रोड स्थित कल्ली पश्चिम क्षेत्र में सपेरा समुदाय के कई जरूरतमंद परिवार निवास करते हैं। इसके बाद सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया।

इस अवसर पर सपेरा समुदाय के बच्चों को खाद्य सामग्री भी वितरित की गई, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने बताया कि लखनऊ के बाहरी क्षेत्रों में अनेक घुमन्तू परिवार रहते हैं, जिन्हें अक्सर सामाजिक संस्थाओं द्वारा दी जाने वाली सहायता नहीं मिल पाती। परिषद प्रत्येक वर्ष जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित करती है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में इस वर्ष टेल्को फैक्ट्री के पास रहने वाले घुमन्तू परिवारों को जाड़े के ऊनी वस्त्र भी वितरित किए गए थे। कार्यक्रम में देवेन्द्र अस्थाना, रेखा शर्मा, आशा सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
