डीएम विपिन कुमार जैन ने किया निर्वाचन पटल का निरीक्षण, गणना पत्रक वितरण में तेजी लाने के निर्देश
DM Vipin Kumar Jain inspected the election counter and issued instructions to expedite the distribution of counting sheets.
Wed, 12 Nov 2025
बलरामपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम विपिन कुमार जैन ने तहसील बलरामपुर सदर में निर्वाचन पटल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना पत्रक (Enumeration Form) वितरण और अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ रविन्द्र कुमार गुप्ता से गणना पत्रक वितरण की जानकारी प्राप्त की। बीएलओ ने बताया कि घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना पत्रक वितरित किए जा रहे हैं। डीएम ने बीएलओ ऐप पर दर्ज की जा रही गतिविधियों का भी अवलोकन किया और डेटा को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि डोर-टू-डोर गणना पत्रक वितरण कार्य को और अधिक तेज़ी से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, मतदाता सूची से गणना पत्रकों की मैपिंग सुनिश्चित की जाए, और एसडीएम स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने तहसील परिसर और एसडीएम न्यायालय का भी भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), एसडीएम सदर, नायब तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
