जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की बैठक संपन्न
District Nutrition Committee meeting concluded under the chairmanship of District Magistrate
Fri, 21 Nov 2025
बलरामपुर। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विभिन्न पोषण एवं बाल कल्याण कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास, बाल-मैत्रिक शौचालय निर्माण, हॉट-कुक्ड फूड व्यवस्था, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन तथा अति-कुपोषित एवं कुपोषित बच्चों के चिन्हांकन और सुधारात्मक प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई।
पोषण सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर इन्फैंट वेइंग मशीन, इन्फेंटोमीटर सहित सभी आवश्यक पोषण उपकरण उपलब्ध कराना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इन उपकरणों की खरीद पंचायत निधि से सुनिश्चित की जाए और ग्राम प्रधानों को इस संबंध में विशेष अपील पत्र भेजा जाएगा।
वीएचएसएनडी सत्रों की गुणवत्ता पर जोर
डीएम ने वीएचएसएनडी (VHSND) सत्रों की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष बल देते हुए सभी क्षेत्रों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि पोषण गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
पोषण स्तर सुधारने को कड़े निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को निर्देश दिया कि ब्लॉक स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी सीडीपीओ एवं ऑनलाइन माध्यम से जुड़े सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।
