समयबद्ध मूल्यांकन के प्रभावी अनुश्रवण के लिए गठित हुआ मण्डलीय कंट्रोल रूम
Divisional Control Room formed for effective monitoring of timely evaluation
Mon, 16 Mar 2026
लखनऊ। यू.पी. बोर्ड परीक्षा 2026 के नकलविहीन सफल समापन के बाद अब 18 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले केन्द्रीय मूल्यांकन कार्य के प्रभावी अनुश्रवण के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में मंडलीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यह कंट्रोल रूम जे.डी. कार्यालय, शिक्षा भवन लखनऊ में स्थापित किया गया है।
लखनऊ मंडल के छह जनपदों — लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली और हरदोई — में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के समयबद्ध मूल्यांकन की निगरानी इस कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी।
मंडलीय कंट्रोल रूम में मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ अनुभवी सदस्यों के रूप में वंदना तिवारी, नीलिमा द्विवेदी, प्रवेश सोनी और अनुप्रिया तिवारी को नियुक्त किया गया है।
कंट्रोल रूम सभी मूल्यांकन केंद्रों पर बोर्ड सचिव द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप प्रतिदिन मूल्यांकित की जाने वाली उत्तर पुस्तिकाओं की संख्या, प्रत्येक केंद्र पर नियुक्त उप प्रधान परीक्षक (डीएचई) और परीक्षकों की संख्या व उनकी उपस्थिति, उपनियंत्रक द्वारा के.मु.हा.-9 प्रपत्र के तहत नियुक्त परीक्षकों की संख्या, मूल्यांकन कार्य की प्रगति तथा प्रतिशत पर निरंतर निगरानी रखेगा।
यह मंडलीय कंट्रोल रूम 18 मार्च 2026 से सक्रिय होकर पूरे मूल्यांकन कार्य पर पैनी नजर रखेगा।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने मंडल के सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि वे जारी गाइडलाइंस के अनुसार पूरी सतर्कता के साथ लगातार पर्यवेक्षण करें तथा मूल्यांकन की प्रगति की जानकारी नियमित रूप से मंडलीय कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराते रहें।
मंडलीय कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के छह जनपदों में कुल 23 मूल्यांकन केंद्र स्थापित किए गए हैं। जनपदवार स्थिति इस प्रकार है—
- लखनऊ – 5 केंद्र (3 हाईस्कूल, 2 इंटरमीडिएट)
- सीतापुर – 4 केंद्र (2 हाईस्कूल, 2 इंटरमीडिएट)
- लखीमपुर खीरी – 3 केंद्र (2 हाईस्कूल, 1 इंटरमीडिएट)
- उन्नाव – 4 केंद्र (2 हाईस्कूल, 2 इंटरमीडिएट)
- रायबरेली – 4 केंद्र (2 हाईस्कूल, 2 इंटरमीडिएट)
- हरदोई – 3 केंद्र (2 हाईस्कूल, 1 इंटरमीडिएट)
इन सभी केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा।
