मण्डलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय में बनाया गया मण्डलीय कंट्रोल रूम
यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रभावी अनुश्रवण हेतु व्यवस्था
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष 2026 के सुचारु संचालन एवं प्रभावी अनुश्रवण के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल डॉ. प्रदीप कुमार सिंह के निर्देशन में मण्डलीय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मण्डल स्तरीय कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0522-2254070 निर्धारित किया गया है, जो 17 फरवरी 2026 से परीक्षा समाप्ति तक पूर्णतः क्रियाशील रहेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि दोनों पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए अलग-अलग मण्डलीय कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सदस्य नियुक्त किए गए हैं। ये सभी अधिकारी लखनऊ मण्डल के छह जनपदों— लखनऊ, सीतापुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई एवं लखीमपुर खीरी— में जिला विद्यालय निरीक्षकों द्वारा स्थापित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग सेल (कंट्रोल रूम) से निरंतर संपर्क बनाए रखेंगे।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ मण्डल के सभी छह जनपदों के मॉनिटरिंग सेल प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद में स्थापित सभी परीक्षा केंद्रों की निर्बाध लाइव स्ट्रीमिंग (वेबकास्टिंग) को अंतिम प्रश्न पत्र की परीक्षा समाप्त होने तक राज्य स्तरीय मॉनिटरिंग सेल से जोड़े रखें। यह व्यवस्था बोर्ड परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
— डॉ. दिनेश कुमार
मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल
