डीएम ने किया पीसीएफ गोदाम का निरीक्षण, उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था की जमीनी हकीकत की जांच
DM inspected the PCF warehouse and examined the ground reality of the fertilizer supply system.
Fri, 21 Nov 2025
बलरामपुर: रबी सीजन के दौरान किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने आज पीसीएफ गोदाम, धुसाह का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम में मौजूद डीएपी, यूरिया और एनपीके जैसे विभिन्न उर्वरकों के स्टॉक, उनकी उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर और डिजिटल पोर्टल पर की जा रही प्रविष्टियों की भी गहराई से जांच की। उन्होंने पाया कि उर्वरक एलॉटमेंट के बाद कई सहकारी समितियों तक समय पर आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने ट्रांसपोर्टर को तुरंत कॉल कर परिवहन के लिए ट्रकों की संख्या बढ़ाने, जीपीएस मॉनिटरिंग को मजबूत करने, तथा निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सहकारी समितियों एवं खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को उपलब्धता के अनुसार नियमित एलॉटमेंट दिया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने उर्वरक की मांग और वितरण की रियल-टाइम मॉनिटरिंग करने तथा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान एआर कोऑपरेटिव, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
