डीएम ने ग्रामीणों से की मुलाकात, समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश
The DM met the villagers, listened to their problems and directed the officials to resolve them immediately.
Mon, 1 Dec 2025
बलरामपुर। विकासखंड हरैया सतघरवा के अंतर्गत बरहवां रेंज के ग्राम नेवलगंज में मानव–वन्यजीव संघर्ष की दुखद घटना के बाद जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को पीड़ित परिवार से भेंट कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने घटना स्थल और आसपास के वन क्षेत्र से जुड़े गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मानव जीवन सर्वोपरि है, इसलिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएँ। उन्होंने वन विभाग को निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने, ग्राम प्रधानों के साथ समन्वय बनाते हुए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने तथा मानव–वन्यजीव संघर्ष पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र (Response Mechanism) विकसित किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

डीएम विपिन कुमार जैन ने वन क्षेत्र से जुड़े गांवों में गन्ना पर्चियों के समय पर वितरण और कटान कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया, जिससे जोखिम कम हो सके और मानव–वन्यजीव संपर्क की संभावना घटे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे वन क्षेत्र में विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को दें।
इस मौके पर एसडीएम सदर हेमंत गुप्ता, खंड विकास अधिकारी पल्लवी सचान तथा वन विभाग के रेंजर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
