डीपी वर्ल्ड ने उत्तर प्रदेश में युवा क्रिकेटर्स को दिया पैवेलियन और किट्स का तोहफा
लखनऊ, 2 मार्च 2026। DP World ने उत्तर प्रदेश में अपनी ‘बियॉन्ड बाउंड्रीज’ पहल का विस्तार करते हुए लखनऊ में एक रीपर्पज्ड शिपिंग कंटेनर को आधुनिक मल्टी-पर्पज पैवेलियन में परिवर्तित कर युवा क्रिकेटरों को समर्पित किया। साथ ही 250 क्रिकेट किट्स भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे राज्य में जमीनी स्तर पर क्रिकेट को नई मजबूती मिलेगी।
यह विशेष रूप से डिजाइन किया गया कंटेनर पैवेलियन खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, तैयारी और विश्राम के लिए समर्पित स्थान प्रदान करेगा। इसका अनावरण Yuvraj Singh की उपस्थिति में भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम में किया गया। यह पैवेलियन स्थायी रूप से सेज क्रिकेट एकेडमी में स्थापित किया जाएगा।
आईसीसी और यूपीसीए के साथ साझेदारी
यह पहल International Cricket Council (आईसीसी) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से लागू की गई है। डीपी वर्ल्ड ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में बनने वाले प्रत्येक 100 रन पर 10 क्रिकेट किट्स दान करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे यह पहल और सुदृढ़ करती है।

युवराज सिंह ने दी प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान युवराज सिंह ने कहाभारत के हर कोने में प्रतिभा है, लेकिन सही सुविधाओं और उपकरणों तक पहुंच ही असली बदलाव लाती है। ‘बियॉन्ड बाउंड्रीज’ जैसी पहल युवा क्रिकेटरों को वह बुनियादी ढांचा और आत्मविश्वास देती है, जिसकी उन्हें अपने सपने साकार करने के लिए आवश्यकता होती है।”
डीपी वर्ल्ड का दृष्टिकोण
डीपी वर्ल्ड, सबकॉन्टिनेंट (इंडिया) के कंट्री मैनेजर हेमंत कुमार रुइया ने कहा कि उभरते क्रिकेटरों के लिए सबसे बड़ी चुनौती उचित सुविधाओं की कमी है। उन्होंने बताया कि यह पहल केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय साझेदारियों के माध्यम से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने की दिशा में एक ठोस कदम है।
यूपी क्रिकेट की विरासत को मिलेगी मजबूती
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा कि राज्य में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। ऐसी साझेदारियां जमीनी स्तर पर क्रिकेट विकास को मजबूती देती हैं और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करती हैं।

वैश्विक विस्तार
2023 में शुरू हुई ‘बियॉन्ड बाउंड्रीज’ पहल के तहत अब तक आठ देशों में 13 रीपर्पज्ड शिपिंग कंटेनर और 3,500 क्रिकेट किट्स वितरित की जा चुकी हैं। भारत में इससे पहले नई दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद और चेन्नई को इसका लाभ मिला है। 80 से अधिक देशों में फैले अपने इंटीग्रेटेड नेटवर्क के माध्यम से डीपी वर्ल्ड उच्च प्रभाव वाले बाजारों में इस पहल का विस्तार जारी रखेगी और 2026 में अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय रोलआउट की योजना पर भी आगे बढ़ेगी। यह पहल उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए न केवल सुविधाओं का विस्तार है, बल्कि उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
