स्टडी हॉल कॉलेज में डॉ. अमृता दास ने छात्रों से की करियर पर विशेष बातचीत
डॉ. अमृता दास ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि करियर का चुनाव केवल किसी खास कोर्स या डिग्री को ध्यान में रखकर नहीं किया जाना चाहिए। इसके लिए अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तिगत खूबियों को पहचानना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल मार्केटिंग, डेटा एनालिटिक्स, गेम डिजाइन, साइबर लॉ और फिनटेक जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं से भी परिचित कराया।
उन्होंने कहा कि तकनीक और रोजगार की दुनिया तेजी से बदल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को लगातार नई चीजें सीखने और परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को विकसित करने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने रचनात्मक सोच, संवेदनशीलता और लोगों को समझने की क्षमता को भी भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कौशल बताया।

करियर संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा, रोजगार और विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े सवाल पूछे। स्टडी हॉल कॉलेज की बीबीए छात्रा पलक ने कहा कि सत्र के दौरान उन्हें करियर के कई ऐसे विकल्पों के बारे में जानकारी मिली, जिनके बारे में उन्होंने पहले विचार नहीं किया था। इस बातचीत से उन्हें अपने भविष्य को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर मिला।
स्टडी हॉल कॉलेज के निदेशक डॉ. हिमांशु सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर मिलने से उन्हें अपनी रुचि और क्षमताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है। ऐसे सत्र छात्रों को अपने भविष्य से जुड़े फैसले अधिक सोच-समझकर लेने के लिए तैयार करते हैं।
लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध स्टडी हॉल कॉलेज में बीए-जेएमसी, बीकॉम, बीबीए और बीसीए सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
