डॉ. जयप्रकाश ने थामा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का दामन

Dr. Jaiprakash joined the Azad Samaj Party (Kanshi Ram)
 
Dr. Jaiprakash joined the Azad Samaj Party (Kanshi Ram)
हरदोई। हरदोई जनपद के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. जयप्रकाश ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का दामन थाम लिया। वह लखनऊ मंडल प्रभारी विनोद कुमार गौतम के नेतृत्व में अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी में शामिल हुए।
पार्टी में शामिल होने पर उनका स्वागत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार चितौड़ ने किया। इस अवसर पर डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि वह पार्टी के कारवां को तेजी से आगे बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें सांडी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का निर्देश देती है, तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत हासिल करेंगे। डॉ. जयप्रकाश ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में आजाद समाज पार्टी की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी दलितों, मुस्लिमों, पिछड़ों और मजलूम वर्ग की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठा रही है। उन्होंने पार्टी की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लिया।
डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है, ताकि आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके और जनसेवा के उद्देश्य को पूरा किया जा सके।

Tags