दुर्गा पूजा समितियों को नगर पालिका अध्यक्ष ने दी 2,500 रुपये की सहयोग राशि, पूजा थाली व अंगवस्त्र से किया सम्मान
बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने नगर क्षेत्र की 200 से अधिक दुर्गा पूजा समितियों को 2,500-2,500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। वहीं शेष 31 समितियों को नगर पालिका परिषद सभागार में अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, डीपी सिंह और संजय शुक्ल द्वारा सहयोग राशि वितरित की गई। इस अवसर पर पूजा समितियों को आधुनिक पूजा थाली एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन पर्वों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने पूजा एवं रामलीला समितियों के पदाधिकारियों से प्रशासन और नगर पालिका के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है।

सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर रहेगा जोर
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि पर्वों के दौरान नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी और मार्गों की स्वच्छता सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों के आसपास नियमित सफाई कराने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नगर पालिका की ओर से पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों के अध्यक्ष, महामंत्री सहित नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समितियों के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से दिए गए सहयोग और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
