बीएलएस इंटर कॉलेज में धूमधाम से मना दशहरा, 18 फीट के रावण का हुआ दहन

विधायक डॉ. नीरज बोरा रहे मुख्य अतिथि, रामायण के पात्रों के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन

 
fgdf

लखनऊ।ठाकुरगंज स्थित बीएलएस इंटर कॉलेज में दशहरा पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय गंगा प्रसाद साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यालय प्रबंधक संदीप साहू और डायरेक्टर प्रदीप साहू ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

 

रामायण के पात्रों में नजर आए विद्यार्थी

कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और वानर सेना सहित रामायण के विभिन्न पात्रों के रूप में सजे नजर आए। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद विधायक डॉ. नीरज बोरा की उपस्थिति में 18 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। आतिशबाजी के बीच विद्यालय परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला।

सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने विद्यार्थियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों से अच्छे संस्कार अपनाने, सत्य के मार्ग पर चलने और अपने भीतर मौजूद बुराइयों को दूर करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधक संदीप साहू ने दशहरा पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के माध्यम से बच्चों को अच्छे संस्कार और जीवन में सकारात्मक आदर्श अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक संदीप साहू, डायरेक्टर प्रदीप साहू, प्रधानाचार्य रवि किशोर, उप प्रधानाचार्य रोमा जाफरी, रत्ना गुप्ता, उमा शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Tags