गोमती नगर में दशहरा मेले की धूम, रामलीला मंचन के बाद हुआ रावण दहन

बाराबंकी के कलाकारों ने राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिका से मोहा मन, अवनीन्द्र एकेडमी के विद्यार्थियों ने भी दी प्रस्तुति

 
sdsa

लखनऊ। गोमती नगर के विज्ञान खंड में दशहरा के अवसर पर विज्ञान स्वामी सत्यप्रकाश वेद विज्ञान सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामलीला मंचन के साथ रावण दहन का आयोजन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी और गणमान्य लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

रामलीला में बाराबंकी से आए कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिकाएं निभाकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा। वहीं, अवनीन्द्र एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह की रौनक बढ़ाई।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने की सहभागिता

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीकेटी विधायक योगेश शुक्ला उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा प्रभारी (प्रयागराज नगर) राकेश त्रिवेदी, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की सह-संयोजक नीरा सिन्हा ‘वर्षा’ और मानवाधिकार जनसेवा परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा शामिल रहे।

समारोह में उपस्थित लोगों ने दशहरा पर्व के महत्व और बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश को याद किया। मेले में स्थानीय लोगों की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

समिति के पदाधिकारियों का रहा सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में वेद विज्ञान समिति के मुख्य संरक्षक स्वामी दीनानाथ शास्त्री, संरक्षक आर.पी. सिंह, अध्यक्ष मुकुंद सिंह, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डाली सिंह, प्रचार मंत्री रंजीत राय, श्रीनिवास पांडेय, राकेश पाल, मीडिया प्रभारी अभिषेक श्रीवास्तव, अनुराग पांडेय, अनुराग देव राय, राकेश शंखधर, शैलेंद्र पांडेय, इंजीनियर ओ.पी. राय और ऋषिराज मिश्रा का सहयोग सराहनीय रहा।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ हाईकोर्ट अधिवक्ता के.डी. सिंह और महामंत्री डॉ. सुनील दत्त श्रीवास्तव ने किया। आयोजन में शामिल लोगों ने दशहरा पर्व को आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया।

Tags