दीपोत्सव 2026 में श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 12 स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
राम की पैड़ी से कनक भवन तक मिलेगी तत्काल चिकित्सा सहायता, 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित
आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य कंट्रोल रूम सक्रिय, हेल्पलाइन नंबर 8881004894 जारी
अयोध्या, 5 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और मार्गदर्शन में दीपोत्सव 2026 के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए व्यापक चिकित्सा इंतजाम किए गए हैं। लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस तैनात करने के साथ मोबाइल चिकित्सा टीमों और अस्पतालों में उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है।
12 प्रमुख स्थलों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
दीपोत्सव के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इनमें लक्ष्मण किला, भजन संध्या स्थल, चौधरी चरण सिंह घाट, नागेश्वरनाथ, वीणा चौराहा (लता मंगेशकर चौक), कारसेवकपुरम, हनुमानगढ़ी, हनुमानगुफा, साकेत पेट्रोल पंप, श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा), कनक भवन मंदिर परिसर और कंट्रोल रूम शामिल हैं। इन स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती से श्रद्धालुओं को जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक चिकित्सा और अस्पताल पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।
12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित
आपात स्थिति में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सरकारी चिकित्सा केंद्रों के साथ निजी अस्पतालों को भी व्यवस्था से जोड़ा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अयोध्या के 12 निजी अस्पतालों में पांच-पांच बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
इनमें अग्रिम हॉस्पिटल, हर्षण हृदय संस्थान, झुनझुनवाला हॉस्पिटल, देवा मेमोरियल मेडिकल सर्जिकल मैटरनिटी नर्सिंग होम, निर्मला हॉस्पिटल एंड मैटरनिटी सेंटर, दिव्य हॉस्पिटल, सोना हॉस्पिटल, जगत हॉस्पिटल, मेडिसिटी सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, चिरंजीव हॉस्पिटल, गोमती हॉस्पिटल तथा संजाफी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर शामिल हैं। इन अस्पतालों को आकस्मिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए गए हैं।
राम की पैड़ी सहित प्रमुख स्थलों पर मोबाइल चिकित्सा टीमें
मेला क्षेत्र में मोबाइल चिकित्सा टीमों की भी तैनाती की गई है। राम की पैड़ी सहित प्रमुख आयोजन स्थलों पर ये टीमें श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराएंगी। इनके लिए निर्धारित समय के अनुसार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि दिन और रात के अलग-अलग समय में चिकित्सा सुविधा मिलती रहे। जरूरत पड़ने पर मोबाइल टीमों के माध्यम से मरीजों को आगे के उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
दीपोत्सव के दौरान किसी श्रद्धालु या पर्यटक को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर मेला स्वास्थ्य कंट्रोल रूम के नंबर 8881004894 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा मेला अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. राममणि शुक्ला के मोबाइल नंबर 9451085935 पर भी सहायता ली जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पतालों और चिकित्सा कर्मियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चिकित्सा व्यवस्था के संबंध में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। एंबुलेंस, मोबाइल चिकित्सा टीमों और अस्पतालों में आरक्षित बेड के माध्यम से आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी की स्थिति में निर्धारित चिकित्सा केंद्रों और जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।
